Vai al contenuto principale

होर्मुज में ‘टोल प्लाजा’ खोलने की तैयारी में ईरान, अंतरराष्ट्रीय जहाजों से होगी वसूली

सत्य पथिक न्यूज, तेहरान-ईरान (Toll Plaza @ Hormuz)। ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति ने दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय जहाजों पर टोल टैक्स वसूलने की योजना को हरी झंडी दे दी है। यह टोल टैक्स संबंधित देश ईरानी रियाल या ईरान द्वारा निर्धारित दूसरी करेंसी में भी अदा कर सकेगा। इससे डॉलर का एकाधिकार भी खत्म हो जाएगा।

ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, प्रस्तावित रणनीतिक योजना के आर्टिकल 3 के तहत ईरान उन जहाजों से शुल्क ले सकेगा, जो होर्मुज में उपलब्ध ईरानी सेवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें नेविगेशन, पर्यावरण, बीमा और सुरक्षा से जुड़ी सेवाएं शामिल हैं। विशेष परिस्थितियों में ईंधन और दूसरी सेवाओं के लिए भी फीस ली जा सकती है।

ईरान के सांसद हसन घशघवी के मुताबिक, यह शुल्क उन देशों के जहाजों से लेने का प्रस्ताव है, जिन्होंने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की पहले से ही अनुमति ले रखी होगी। भुगतान ईरानी रियाल या ईरान द्वारा निर्धारित किसी दूसरी करेंसी में भी किया जा सकेगा।

अंतरराष्ट्रीय समुद्र कानून देगा इजाजत?

हालांकि, दिक्कत यह है कि समुद्री परिवहन के अंतरराष्ट्रीय कानून से जुड़े संयुक्त राष्ट्र के कन्वेंशन (UNCLOS) के तहत कोई भी देश होर्मुज या अन्य समुद्री मार्गों पर जहाजों की आवाजाही को रोक या बाधित नहीं कर सकता। उनके गुजरने पर टोल टैक्स भी वसूल नहीं कर सकता है। हालांकि, यह कन्वेंशन कुछ सेवाओं के बदले शुल्क लेने की इजाजत जरूर देता है। ईरान इसी प्रावधान का सहारा लेते हुए नेविगेशन और सुरक्षा जैसी सेवाओं के नाम पर जहाजों से टोल फीस वसूलने की तैयारी में है।

आर्थिक तंगी में घिरा ईरान

इस सख्त फैसले की एक वजह ईरान की खस्ता आर्थिक हालत भी है। विश्लेषकों के मुताबिक, अमेरिका और उसके मित्र देशों के आर्थिक प्रतिबंधों के दबाव में ईरान वित्तीय संकट से घिरा हुआ है। ईरानी रियाल की कीमत भी डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर तक गिर चुकी है।

स्टोरी/रिपोर्ट आपको कैसी लगी, कृपया comment box में अवश्य लिखें। वेबसाइट को सब्सक्राइब और लाइक करना भी नहीं भूलें।

#iran #hormuz #straight #tolltax #willrecover

0

Caricamento...

0
1

Caricamento...

Commenti (0)

Nessun commento. Sii il primo a commentare.